सागर की गढ़ाकोटा पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर जिले की सीमा में प्रवेश कर घूम रहे अपराधी को गिरफ्तार किया है। थाने लाकर आरोपी से पूछताछ की गई। मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दानिश पिता इस्लाम खान उम्र 19 वर्ष निवासी टैगोर वार्ड गढ़ाकोटा को जिला दंडाधिकारी सागर ने 9 जनवरी को 6 माह के लिए जिला बदर किया था। आदेश जारी होने के बाद आरोपी को जिले और आसपास के जिलों की सीमा से बाहर छोड़ा गया था। उसे समझाइश दी गई थी कि जिलाबदर अवधि में वह जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकता है। बावजूद इसके आरोपी दानिश खान आदेश का उल्लंघन कर गढ़ाकोटा क्षेत्र में पहुंचा। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिलाबदर अपराधी दानिश खान गढ़ाकोटा में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की गई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। थाने लाकर आरोपी दानिश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि जिलाबदर अपराधी को गिरफ्तार किया है। वह आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में घूम रहा था। कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
Source link