हाईवा-बाइक की टक्कर में एक की मौत, 3 घायल:बांका में एक ही गाड़ी पर सवार थे चारों, 20 अप्रैल को बहन की होनी थी शादी




बांका में बुधवार देर रात तेज रफ्तार हाईवा ने एक बाइक सवार 4 युवक को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 3 की गंभीर रूप से घायल है। घटना अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग पर धरमपुर स्कूल के पास हुई। मृतक की पहचान गौरीपुर निवासी तीतर कापड़ी के बेटे रामविलास के रूप में हुई है। दैनिक भास्कर पत्रकार ने अपनी बाइक से गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गौरीपुर से इंग्लिश मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे में रामविलास ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस को पहुंचने में हुई देर इस दौरान पत्रकार दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होती देख उन्होंने अपनी बाइक से दो गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस और एंबुलेंस की मदद से अन्य दो घायलों को भी अस्पताल लाया गया। घायलों में विशुनी मंडल के बेटे मुन्ना की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने रामविलास को मृत घोषित कर दिया। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। अमरपुर पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। 20 अप्रैल को बहन की होनी थी शादी मृतक के परिजन ने बताया कि रामविलास की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। उनका एक बेटा और 2 बेटियां हैं। वहीं 20 अप्रैल को उनकी बहन वंदना की शादी होने वाली थी। इसी सिलसिले में वे घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन ही बहन के ससुराल पक्ष से लगन भी आया था। लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में जांच पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *