कन्नौज के उमर्दा स्थित काऊ मिल्क प्लांट का संचालन अब पराग डेयरी की बजाय मदर डेयरी द्वारा किया जाएगा। ये जानकारी डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने काऊ मिल्क प्लांट के निरीक्षण के वक्त कही। उन्होंने सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल का भी निरीक्षण किया। काऊ मिल्क प्लांट के निरीक्षण के दौरान डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि अब इस प्लांट का संचालन मदर डेयरी द्वारा किया जाएगा, जोकि पहले पराग डेयरी के अधीन था। यहां उन्होंने कंट्रोल रूम, मिल्क एवं घी पैकेजिंग कक्ष, पनीर अनुभाग, एमसीसी रूम, बटर सेक्शन और बॉयलर कक्ष सहित सभी इकाइयों का निरीक्षण किया। 30 अप्रैल तक यहां टेस्टिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद प्लांट का नियमित संचालन शुरू होगा। डीएम ने निर्देश दिए कि टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी तरह मानक अनुरूप, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ हो। इससे संचालन शुरू होते ही गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह प्लांट जनपद के दुग्ध उत्पादकों, उपभोक्ताओं और स्थानीय रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मिर्च, बैंगन और टमाटर की रोपित फसलों को देखा। उन्होंने हाईटेक नर्सरी में तैयार हो रही टमाटर, शिमला मिर्च, गोभी आदि की पौधों का भी निरीक्षण किया। यहां उच्च गुणवत्ता वाले बीजों से उन्नत पौध तैयार कर निर्धारित शुल्क पर किसानों को उपलब्ध कराई जाती है, जिससे किसान कम लागत में अधिक उत्पादन और मुनाफा मिल सके। जिलाधिकारी ने बीज उत्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकांश किसान बाजार से बीज पर निर्भर रहते हैं, इसलिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण बीज और पौध की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी साथ रहे।
Source link