उज्जैन में वृद्धा काे डर दिखाकर गहने ठगे:डॉक्टर का पता पूछने के बहाने रोका, तंत्र-मंत्र से डराकर गहने उतरवाए




उज्जैन में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां तीन बदमाशों ने एक वृद्धा को बहला-फुसलाकर उनके सोने के गहने ठग लिए। बदमाशों ने डॉक्टर का पता पूछने के बहाने वृद्धा को रोका और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर उनसे गहने उतरवा लिए। यह घटना शुक्रवार शाम की है, जिसकी शिकायत देवासगेट थाना पुलिस ने शनिवार को दर्ज की। ढांचाभवन निवासी समाजसेवी गोपाल बागरवाल की पत्नी राजूदेवी हद्येश्वर महादेव मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। ढांचा भवन तिराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। उन्होंने डॉक्टर का पता पूछा और पानी मांगा। बातचीत के दौरान एक युवक ने खुद को तांत्रिक बताया और राजूदेवी से कहा कि उनके बच्चों पर संकट है और गहनों पर ‘काल’ सवार है। तांत्रिक की बातों में आकर राजूदेवी ने अपनी सोने की चेन और कान के टॉप्स उतार दिए। बदमाशों ने गहनों को एक रूमाल में बांधा और उन्हें घर ले जाकर रखने को कहा। इसी दौरान चालाकी से असली गहने बदलकर नकली गहने रूमाल में रख दिए और वहां से फरार हो गए। राजूदेवी के अनुसार, बातचीत के दौरान एक तीसरा युवक भी उनके पास आया और खुद को परेशान बताकर उपाय पूछने लगा। बदमाशों ने उन्हें ‘गंगाजल’ बताकर पानी पिलाया, जिसके बाद राजूदेवी को कुछ याद नहीं रहा। होश आने पर उन्होंने आरोपियों को बाइक से जाते देखा। ठगे गए गहनों की अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद राजूदेवी ने घर पहुंचकर अपनी बेटी को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। पुलिस अब अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *