बड़वानी-ठीकरी स्टेट हाईवे पर ग्राम मनवाड़ा के पास सड़क पर गंदा पानी जमा होने से दुपहिया वाहन चालक लगातार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। यह समस्या पिछले एक साल से बनी हुई है, लेकिन जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। गांव की नालियों का गंदा पानी सीधे हाईवे पर फैल रहा है, जिससे सड़क पर काई जम गई है। इसके कारण दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह एक मुख्य स्टेट हाईवे है जहां चौबीसों घंटे भारी यातायात रहता है। पानी के जमाव से कीचड़ और बदबू फैल रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी हो रही है। ग्रामीण राकेश रामायणे ने बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत को कई बार शिकायत की है, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। इस मार्ग से कलेक्टर सहित कई अधिकारी और नेता प्रतिदिन गुजरते हैं, फिर भी किसी का ध्यान इस ओर नहीं है। बुधवार रात बाइक चालक ठीकरी से अंजड़ की ओर जाते समय फिसलकर गिर गया, जिससे उसे चोटें आईं। गुरुवार सुबह भी गांव के भगीरथ नामक व्यक्ति इसी स्थान पर फिसलकर चोटिल हो गए। हाईवे की साइड पहले से टूटी हुई है और गंदा पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक उनमें फंस जाते हैं। रात के समय अंधेरे में हादसों का खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि सड़क पर अधिकतर स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक पक्की नाली नहीं बनेगी, तब तक हादसे नहीं रुकेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे हाईवे पर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने PWD और पंचायत से मिलकर तुरंत नाली बनाने का आग्रह किया है। पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री विजय सिंह पवार ने बताया कि हर काम पीडब्ल्यूडी विभाग नहीं करेगा, ग्राम पंचायत की भी जवाबदारी है। उसे कार्य को करवाना चाहिए।
Source link