शिवपुरी जिले के करैरा में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार थार कार ने पांच लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन मजदूर और पैदल चल रही दो महिलाएं घायल हो गईं। आरोप है कि पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। यह घटना करैरा थाना क्षेत्र में हुई। फरियादी संजय परिहार निवासी ग्राम संहेड़ा, दतिया ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे संजय अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से थनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। इसी दौरान थाने के सामने पीछे से आई काले रंग की थार रॉक्स कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर पैदल चल रही दोनों महिलाओं को भी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद सभी पांचों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। संजय, आशीष और अंशुल को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं। वहीं, सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोटें लगी हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें मदद पहुंचाई। घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया कि गाड़ी विधायक पुत्र दिनेश लोधी चला रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि गाड़ी पर आगे ‘प्रीतम लोधी’ और पीछे ‘एमएलए’ लिखा हुआ था। घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विधायक पुत्र दिनेश लोधी घायलों से यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि उन्होंने सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे। उन्होंने बाइक सवारों से यह भी पूछा कि वे तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे। बताया जा रहा है कि दिनेश लोधी इन दिनों करैरा विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाने के लिए करैरा में ही रह रहे हैं। घटना के समय वह सुबह जिम जाने के लिए निकले थे। पुलिस ने इस मामले में दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत धारा 281 और 125(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link