गोवा से नाबालिग मिली, अपहरण-रेप का आरोपी गिरफ्तार:सतना पुलिस ने एक माह बाद युवक को पकड़ा, 2 मार्च से लापथा थी लड़की




सतना। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में पुलिस ने गोवा से एक नाबालिग को खोज निकाला है और उसके अपहरण-दुष्कर्म के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 मार्च को 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। लगभग एक महीने की तलाश के बाद, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गोवा में दबिश दी। नाबालिग की गवाही पर आरोपी पर दुष्कर्म का केस दर्ज
इस कार्रवाई में नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी शिवम पुत्र गोविंद रैदास, निवासी सितपुरा, थाना नागौद को भी पकड़ लिया गया। सतना वापस आने पर, नाबालिग ने कोर्ट में दिए अपने बयान में बताया कि आरोपी उसका दूर का रिश्तेदार है। उसने शादी का झांसा देकर उसे घर से भागने के लिए मजबूर किया और गोवा ले जाकर उसका दैहिक शोषण किया। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। आरोपी शिवम रैदास को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। दो साल तक किया दुष्कर्म
उधर, सिविल लाइन थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक अन्य मामले में सभाराज (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभाराज निवासी अमदरा, जिला मैहर, हाल पौराणिक टोला पर शादी का झांसा देकर दो साल तक एक नाबालिग का दैहिक शोषण करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि लगभग दो साल पहले जब नाबालिग अपनी बीमार बहन की देखभाल के लिए सतना आई थी, तब आरोपी सभाराज ने उससे दोस्ती की। उसने शादी का वादा कर नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसका दैहिक शोषण किया। काफी इंतजार के बाद जब नाबालिग ने रिश्ते की बात छेड़ी, तो आरोपी मुकर गया और उसे धमकाने लगा। बीते दिनों यह शिकायत सामने आने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सभाराज को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *