वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के मौसम में बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के लिए तेज आंधी और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और आस-पास के इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। श्रीगंगानगर जिले में इसका प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है। धूल भरी आंधी के साथ मेघगर्जन भी हो सकता है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि बुधवार को न्यूनतम 20.7 डिग्री और अधिकतम 40.7 डिग्री रहा। गुरुवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को लू का अहसास कराया। दोपहर में चली गर्म लू ने आमजन को खासा परेशान किया। अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री तक पहुंचने से गर्मी का असर महसूस हुआ।
Source link