कोटा जिले के मोडक में देर रात एक सड़क हादसे में युवक नाजिम (21) की मौत हो गई। चाय पीकर दोस्तों के साथ बाइक से लौटते समय सरहवदा के निकट एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में नाजिम के दो दोस्त घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मोडक निवासी नाजिम पुत्र निजाम अपने दो दोस्त हसरान और संदीप के साथ बाइक पर सवार होकर एक होटल से चाय पीकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को लापरवाही से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को देर रात झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नाजिम को मृत घोषित कर दिया। एसआरजी अस्पताल चौकी ने शव को झालावाड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मोडक पुलिस को सूचना दी। आज मोडक पुलिस ने झालावाड़ अस्पताल पहुंचकर परिजनों की रिपोर्ट ली और शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया। नाजिम अपने परिवार में पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसके दोनों घायल दोस्तों का इलाज जारी है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link