भिंंड में स्कूल बस से भिड़ी ईको कार:एक छात्र सहित 6 लोग घायल; मैनपुरी से शादी समारोह से लौट रहे थे ग्वालियर




भिंड के नेशनल हाईवे-719 पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस में जा भिड़ी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार एक छात्र भी चोटिल हुआ है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से शादी समारोह में शामिल होकर ग्वालियर लौट रहे आनंद सक्सेना अपने परिवार के साथ ईको कार में सवार थे। जैसे ही वाहन दीनपुरा डिडी पुल के पास नेशनल हाईवे-719 पर पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़ी एक स्कूल बस में कार जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज थी और चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। कार सवार पांच लोग गंभीर घायल, एक छात्र भी घायल हादसे में आनंद सक्सेना, उनकी पत्नी ममता सक्सेना (35), पुत्र लक्ष्य (13), ज्ञानेंद्र सक्सेना सहित कार चालक जसवंत (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। वहीं, स्कूल बस में सवार कक्षा पांचवीं का छात्र युवराज भदौरिया (10), निवासी जंपुरा, भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है। उसके सिर में चोट आई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *