कटिहार जेल में छापेमारी, नकदी और नुकीले हथियार बरामद:DM-SP के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, कुख्यात कैदियों के वार्ड से मिला सामान




बिहार में नई सरकार के गठन के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह कटिहार सहित बिहार के 13 जिलों की जेलों में सघन छापेमारी की गई। कटिहार मंडल कारा में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। इसमें एसडीम प्रद्युमन सिंह यादव और एसडीपीओ अभिजीत कुमार सिंह भी शामिल थे। पुलिस दल ने जेल के भीतर प्रवेश कर सभी वार्डों की गहन तलाशी ली। इसमें कुख्यात और बड़े आपराधिक मामलों में बंद कैदियों के बैरकों की विशेष रूप से जांच की गई। किचन और शौचालयों सहित अन्य सभी संभावित स्थानों पर भी बारीकी से छानबीन की गई। लगभग तीन घंटे तक चली इस छापेमारी के बाद पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने मीडिया को बताया कि कुख्यात कैदियों के सेल से नुकीले हथियार, ब्लेड और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि यह औचक निरीक्षण जेल में किसी भी अवांछनीय वस्तु की मौजूदगी को रोकने और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार इस तरह की छापेमारी और निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि जेलों में अनुशासन बना रहे और कैदियों को मिलने वाली सुविधाएं सुनिश्चित हों।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *