चूरू पुलिस ने अगुणा मोहल्ला क्षेत्र में तिजोरी से सोने-चांदी के गहने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुए सभी गहने भी बरामद कर लिए हैं। कोतवाली थाना के एएसआई श्रीराम ने बताया कि अगुणा मोहल्ला वार्ड 40 निवासी मोहम्मद रियाज (67) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रियाज के अनुसार उनकी पुत्री तमन्ना बानो के सोने-चांदी के गहने घर की तिजोरी से चोरी हो गए थे। घटना के समय मोहम्मद रियाज अपनी दुकान पर थे। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि मोहल्ले का ही युवक इरफान वारदात के दिन घर के आसपास देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने इरफान को संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इरफान को चूरू के पुराना बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह चोरी किए गए गहनों के साथ फरार होने की फिराक में था। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने की गलसरी, चैन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमके, बालियां सहित अन्य आभूषण बरामद किए गए। इस मामले के खुलासे में कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र सिंह और विकास कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी इरफान को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
Source link