उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पनपथा परिक्षेत्र के पिटौर बीट (कक्ष क्रमांक पीएफ 625) में अतिक्रमणकारियों द्वारा जंगल में झोपड़ियां बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर टाइगर रिजर्व के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस दौरान क्षेत्र में बनी करीब 30 अवैध झोपड़ियों को हटाया गया। अतिक्रमणकारी खूंटा-खंभा गाड़कर अपना-अपना क्षेत्र चिन्हित कर रहे थे, ताकि भविष्य में कब्जे को मजबूत किया जा सके। खेती सीजन से पहले करते हैं कब्जा सहायक संचालक भूरा गायकवाड़ ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि खेती के सीजन से पहले इस तरह की गतिविधियां सामने आती हैं, लेकिन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और ऐसी कोशिशों को विफल किया जा रहा है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link