किशनगंज पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के कुख्यात अपराधी और गिरोह के मुख्य सरगना शाह इंतजार आलम सहित दो चोरों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और मास्टर चाभियां बरामद हुई हैं। यह गिरोह बिहार के किशनगंज जिले और पश्चिम बंगाल में दर्जनों मोटरसाइकिलें चुराकर बेचता था। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) को सूचना मिली थी कि शाह इंतजार आलम एमजीएम अस्पताल के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीआईयू टीम और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल के पास से 25 वर्षीय शाह इंतजार आलम और कुंदन सहनी को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिम बंगाल में भी दर्जनों मोटरसाइकिल चोरियां करने की बात स्वीकार की गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर किशनगंज थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल डेरामारी स्थित कब्रिस्तान के पीछे मक्के के खेत से बरामद की गई। पुलिस ने कुल एक ग्लैमर मोटरसाइकिल, एक राइडर मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मास्टर चाभियां, एक मोबाइल फोन और अन्य उपकरण जैसे हथौड़ा, पेचकस व कटर ब्लेड भी जब्त किए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने किशनगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल में दर्जनों मोटरसाइकिल चोरियां करने की बात स्वीकार की। वे चोरी की गई बाइकों को पश्चिम बंगाल के अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तस्करों को बेच देते थे। छापेमारी कर अन्य चोरी की बाइकों की बरामदगी में जुटी पुलिस अब पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर अन्य चोरी की बाइकों की बरामदगी में जुटी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है और चोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से मोटरसाइकिल चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता और पूरे गिरोह से बिहार-बंगाल में जुड़े लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।
Source link