करौली में राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर के बैनर तले शिक्षकों ने गर्मी की छुटि्टयों में कटौती के सरकार के फैसले का विरोध किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने इस निर्णय को वापस लेने और पूर्ववत अवकाश बहाल करने की मांग की। संघ के आह्वान पर जिले भर के शिक्षकों ने प्रदर्शन करते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिड़बाल को यह ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रवक्ता गंगाराम प्रजापत ने बताया कि जिलाध्यक्ष विष्णु मंडल, प्रदेश संगठन मंत्री रत्ती राम मीणा और प्रदेश उपाध्यक्ष अमृत लाल छाबड़ा के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में सरकार द्वारा ग्रीष्मावकाश में कटौती के निर्णय पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया। शिक्षकों ने मांग की है कि शिविरा पंचांग में ग्रीष्मावकाश कटौती को निरस्त कर अवकाश को 17 मई से 30 जून तक पूर्ववत रखा जाए। इसके अतिरिक्त शिक्षकों ने प्रधानाध्यापकों के अधिकृत अवकाश को पूर्व की तरह दो दिन बनाए रखने की मांग की। उन्होंने शिक्षकों के लिए पारदर्शी और राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त स्थानांतरण नीति लागू करने की भी अपील की। संघ ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के लंबित स्थानांतरण शीघ्र करने, एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता और गंभीर बीमार शिक्षकों को राहत देने के लिए त्वरित प्रतिनियुक्ति करने की मांग की। लंबित डीपीसी प्रक्रियाओं को पूरा करने और उप प्राचार्य व प्राचार्य पदों पर काउंसलिंग के जरिए समायोजन की मांग भी उठाई गई। शिक्षकों ने 1997 से अब तक के रोस्टर रजिस्टर का संधारण कर पात्र कार्मिकों की डीपीसी करने की मांग भी रखी। साथ ही, आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में महंगाई के अनुरूप बढ़ोतरी करने और शिक्षकों को बीएलओ जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की अपील की गई। ज्ञापन में नवगठित 3416 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर विद्यालयों को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत करने की मांग भी शामिल थी। शिक्षकों ने यह भी कहा कि विद्यालय 1 जुलाई से खोले जाएं, ताकि जून की भीषण गर्मी से शिक्षकों और विद्यार्थियों को राहत मिल सके। इस दौरान धनराज मीणा (मीडिया प्रभारी), रत्ती राम मीणा, गंगाराम प्रजापत, सुनील जाटव, धर्म सिंह जाटव, भीम सिंह जाटव, टीकाराम, सियाराम जाटव, शैलेन्द्र कुमार बागौरिया, गंगाचरण जाटव, जितेंद्र कुमार, कैलाश मीना, भूरामल, बालकृष्ण, सुभाष चंद मीना, समय सिंह जाटव, रायसिंह जाटव, सविता कुमारी, बंटी केन, देवेंद्र नाहरबाल सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
Source link