अयोध्या के कोतवाली क्षेत्र के रायगंज चौकी अंतर्गत रामघाट स्थित काशीराम कॉलोनी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 13 वर्षीय बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। परिजनों के अनुसार, बच्ची मोबाइल रिचार्ज को लेकर अपनी मां से जिद कर रही थी। इसी बात पर मां ने उसे फटकार लगा दी। बताया जा रहा है कि डांट से नाराज होकर बच्ची अपने कमरे में चली गई और कुछ ही देर बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतका की मां कॉलोनी में चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती है। बेटी की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि छोटे-छोटे विवाद कभी-कभी बड़े हादसों में बदल जाते हैं। ऐसे में बच्चों के साथ संवाद और संवेदनशील व्यवहार की जरूरत और भी बढ़ जाती है।
Source link