बेगूसराय के तेघड़ा में पुलिस ने शुक्रवार को दो मोस्ट वांटेड नक्सलियों को गिरफ्तार किया। ये दोनों पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे थे। यह कार्रवाई तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तेघड़ा थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार मिश्र, मनीष कुमार, नवीन कुमार और विशेष पुलिस बल की एक संयुक्त टीम ने तकनीकी सहयोग का उपयोग करते हुए छापेमारी की। यह गिरफ्तारी अभियान काफी देर तक चला। पुलिस पदाधिकारी रवि रंजन मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों नक्सली मोस्ट वांटेड सूची में शामिल थे। तेघड़ा थाना पुलिस पिछले लगभग 10 वर्षों से इनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान पिपरा दोदराज पंचायत के नोनपुर गांव, वार्ड-04 निवासी रामप्रवेश महतो (पिता: स्व. भुवनेश्वर महतो) और वार्ड-03 निवासी रामचंद्र महतो (पिता: स्व. मुनीलाल महतो) के रूप में हुई है। इन दोनों के खिलाफ तेघड़ा थाना में कांड संख्या 226/15 और 314/15 के तहत यूएपीए एक्ट 1967 के अंतर्गत मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई बेगूसराय एसपी मनीष के निर्देश पर की गई। जिले में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने एक बड़ी सफलता बताया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Source link