सूरजगढ़ क्षेत्र के भावठड़ी गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी (11 KV) की हाई वोल्टेज लाइन अचानक टूटकर गिर गई, जिससे खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित किसान की करीब 8 से 10 बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई है। जानकारी के अनुसार, गांव के किसान अनिल काजला के करीब 35 बीघा खेत में गेहूं की पकी-पकाई फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। अचानक खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 केवी का तार टूटकर फसल पर गिर गया। देखते ही देखते चिंगारियों ने विकराल आग का रूप ले लिया और खेत धूं-धूं कर जलने लगा। आसमान में धुएं का गुबार देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर पावर हाउस पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइनें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं।बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने लाइनों को दुरुस्त नहीं किया। अधिकारियों की लापरवाही के कारण किसान की साल भर की मेहनत बर्बाद हो गई। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारी ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखी हैं। 1. पीड़ित किसान अनिल काजला को फसल के नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। 2. क्षेत्र की सभी ढीली और जर्जर विद्युत लाइनों को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
Source link