इन्वेस्टमेंट के नाम पर युवक से 1.13 लाख की ठगी:सहकर्मी ने खुलवाए दो बैंक खाते, पैसे मांगने पर दी झूठे केस में फंसाने की धमकी




अजमेर के आदर्शनगर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने ही दोस्त पर करीब 1 लाख 13 हजार रुपए ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पालरा निवासी जयसिंह (24) ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान सुरक्षा कंपनी में काम करने के दौरान राजवीर नाम के युवक से हुई थी। दोस्ती का फायदा उठाते हुए राजवीर ने उसे किसी बड़ी कंपनी में पैसा निवेश कराने का झांसा दिया और अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इसके लिए आरोपी ने पहले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बाद में यूको बैंक में नया खाता खुलवाने की बात कही। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने बैंक कर्मचारी से मिलीभगत कर खाते की चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज खुद ही ले लिए तथा खातों में अपने मोबाइल नंबर लिंक कर यूपीआई आईडी भी चालू कर ली। इसके बाद जयसिंह से हर महीने 7 हजार रुपए और एक बार में 50 हजार रुपए लेकर कुल 1.13 लाख रुपए निवेश के नाम पर ले लिए। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि ज्यादा दबाव बनाया तो झूठे केस में फंसा देगा। जांच में यह भी सामने आया कि खातों से लेनदेन आरोपी द्वारा ही किया जा रहा था। पीड़ित की शिकायत पर आदर्शनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *