टांडा घाट में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस:5 यात्री घायल, एक की हालत गंभीर; ड्राइवर मौके से फरार हुआ




धार जिले के टांडा घाट में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे राजगढ़ से मनावर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 4 से 5 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है। रिंगनोद चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया है और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। वन चौकी के समीप मोड़ पर हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवती बस (क्रमांक MP 46 ZD 9813) शनिवार सुबह राजगढ़ से मनावर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 9:30 बजे टांडा के प्रारंभिक घाट स्थित वन चौकी के समीप एक मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। घटना के बाद मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना रिंगनोद चौकी पुलिस को दी। लोगों की मदद से निकाले गए यात्री, पुलिस ने संभाली स्थिति सूचना मिलते ही रिंगनोद चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। रिंगनोद चौकी प्रभारी जीएस भयडिया ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। बस छोड़कर भागा ड्राइवर, तलाश जारी हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *