राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की जिला इकाई ने डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में 110 नियमित नर्सिंग पदों को समाप्त करने के सरकारी निर्णय का विरोध किया है। नर्सिंगकर्मियों ने शनिवार को जिला अस्पताल में काली पट्टी बांधकर काम किया और सरकार से इन पदों को पुनः सृजित करने की मांग की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से कुल 1267 नर्सिंग संवर्ग के पदों को समाप्त किया है। इसमें डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के 110 नियमित पद भी शामिल हैं। पद खत्म करने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश
वर्तमान में इन पदों पर नर्सिंगकर्मी कार्यरत हैं, जिससे पदों के विलोपन से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि डूंगरपुर अनुसूचित क्षेत्र का एकमात्र मेडिकल कॉलेज है, जहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नियमित पदों को समाप्त करना अव्यावहारिक और जनहित के विरुद्ध है। धरना और विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
नर्सिंग कर्मियों की कमी से संस्थान की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। एसोसिएशन ने चिकित्सा शिक्षा विभाग और राज्य सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर पदों को बहाल करने की मांग की है।
नर्सेज एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इन पदों को समाप्त करने की कार्यवाही पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और कार्यरत कर्मियों के हितों की रक्षा नहीं की गई, तो समस्त कर्मचारी धरना और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में नर्सेज एसोसिएशन डूंगरपुर के पदाधिकारी हितेश परमार ने जानकारी दी।
Source link