मधुबनी में गुरुवार देर रात डायल 112 पुलिस टीम पर हमला हुआ। घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के मौआही गांव की है। घरेलू विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक ने हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) सत्येन्द्र कुमार यादव घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर युवक मोहम्मद लाडले को गिरफ्तार कर लिया है। घायल ASI सत्येन्द्र कुमार यादव के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें तत्काल इलाज के लिए बाबूबरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। माता-पिता के साथ मारपीट कर रहा था युवक बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने शनिवार सुबह घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायल 112 को मौआही नवटोली वार्ड 12 से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक युवक अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर रहा था और घर में तोड़फोड़ कर रहा था। इसी सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि युवक अपने घर में तोड़फोड़ कर रहा था। परिजनों के साथ मारपीट व गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उग्र हो गया। उसने लाठी और हाथ में पहने लोहे के ‘बला’ (कड़ा) से पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिससे ASI सत्येन्द्र कुमार यादव के सिर में चोट आई। पुलिस ने मौके से आरोपी को किया गिरफ्तार हमले के बाद, मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से आरोपी को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मौआही नवटोली निवासी मोहम्मद लाडले (उम्र 20 वर्ष), पिता मोहम्मद इसराइल के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का ‘बला’ जब्त कर लिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार युवक को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसडीपीओ मनोज राम ने बताया कि युवक के माता-पिता को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। एसडीपीओ ने स्वयं घटनास्थल का दौरा कर जांच-पड़ताल की है।
Source link