आज घटना का रिक्रिएशन कर सकती है पुलिस:पहले भी पकड़ा जा चुका था आरोपी बेटा; पिता-पुत्र ने कार से महिला को कुचला था




इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में कार से महिला को कुचलकर मारने के मामले में पुलिस आज घटना का रिक्रिएशन कर सकती है। पुलिस आरोपियों को घटना स्थल भी ले जा सकती है। हालांकि रविवार को उनकी रिमांड का आखिरी दिन भी है। संभावना है कि पुलिस घटना का रिक्रिएशन करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश करेगी। बता दें कि तीन महीने पहले भी पुलिस ने आरोपी के बेटे को पकड़ा था। तब पिता को समझाया भी गया था कि इसे संभाल लें, नहीं तो दिक्कत में पड़ जाएंगे। दरअसल, बीते बुधवार को लसूडिया थाना क्षेत्र के एमआर-11 स्थित शिव वाटिका टाउनशिप में पेंटहाउस किराए पर देने के विवाद में एक व्यक्ति ने कार से एक महिला को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मृत महिला का नाम शंपा पांडे था। वह इंफोसिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। 13 मार्च को वह अपने पति और दो बच्चों के साथ फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे मोहनीश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। आज घटना का रिक्रिएशन कर सकती है पुलिस लसूडिया थाना टीआई तारेश सोनी ने बताया कि रविवार को घटना का रिक्रिएशन कराया जा सकता है। इसके लिए पुलिस घटना स्थल पर जाकर पूरी घटना को दोहरा सकती है। इधर, यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपियों को साथ लेकर वहां जा सकती है। हालांकि रविवार को उनके पुलिस रिमांड का आखिरी दिन है, इसलिए उन्हें यहीं से कोर्ट भी ले जाया जा सकता है। यह भी जानकारी सामने आई है कि पुलिस शनिवार को रिक्रिएशन करने वाली थी, लेकिन किसी वजह से यह नहीं हो सका। 28 दिसंबर को पकड़ा गया था मोहनीश टीआई ने बताया कि 28 दिसंबर को थाने की ही पुलिस ने मोहनीश को एंडेवर कार में पकड़ा था। कार में लाल बत्ती लगी हुई थी। उस दौरान मोहनीश के पिता कुलदीप को भी थाने बुलवाया गया था और उन्हें समझाया भी गया था। पुलिस ने यहां तक कहा था कि इसकी वजह से किसी दिन दिक्कत में पड़ सकते हो। इसके तीन महीने बाद ही यह घटना हो गई। दिसंबर में पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई भी की थी और करीब 5 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया था। सोशल मीडिया पर करता था पोस्ट पुलिस के सामने यह बात भी सामने आई है कि आरोपी मोहनीश एंडेवर कार से घूमता था, जिस पर लाल बत्ती और हूटर लगा रखे थे। वह कार के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी करता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट के बारे में भी जानकारी मिली है, जिस पर उसी कार के साथ कई वीडियो पोस्ट किए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *