मैनपुरी में जमीन विवाद, एक दर्जन लोग घायल:गेट लगाने को लेकर एक ही परिवार के दो गुटों में मारपीट




मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र के सथनी गांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो गुटों में हुई मारपीट में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अशोक कुमार और उनके ही परिवार के मलखान सिंह के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को यह विवाद उस समय बढ़ गया जब गेट लगाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों गुट आपस में भिड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मलखान सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रधान के कहने पर वे गेट लगा रहे थे, जिससे नाराज होकर अशोक कुमार और उनके परिजनों ने उन पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद है। आज मारपीट की घटना सामने आई है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *