डूंगरपुर में सड़क हादसे में एक की मौत:दो बाइकों की टक्कर, आरोपी पर कार्रवाई की मांग; जांच में जुटी पुलिस




डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के बेटे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 17 अप्रैल को लिमडी के पास सुराता रोड पर हुई। नयागांव सुराता निवासी कल्पेश डामोर (20) अपने पिता दिनेश डामोर (45) के साथ बाइक पर ऑतरी की ओर जा रहे थे। कल्पेश के पिता दिनेश धीमी गति से अपनी साइड में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए। हादसे में दिनेश डामोर के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल निजी वाहन से पीएचसी ऑतरी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सागवाड़ा के जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दिनेश डामोर की मौत हो गई। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी मजदूरी के लिए गुजरात गई हुई थी, जिसके कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। कल्पेश डामोर ने अपनी रिपोर्ट में दुर्घटना के लिए आरोपी बाइक सवार को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। चौरासी थाना पुलिस ने कल्पेश डामोर की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी बाइक सवार की पहचान कर आगे की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *