पंजाब सीएम भगवंत मान नीदरलैंड के दौरे पर:निवेश बढ़ाने पर फोकस, उद्योगपतियों से करेंगे मुलाकात; राजदूत ने किया स्वागत




पंजाब में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सीएम भगवंत मान नीदरलैंड के दौरे पर गए हैं। आज 19 अप्रैल को उनकी वहां के उद्योगपतियों से बैठक होगी। उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल पंजाब में चुनाव होने हैं। सरकार की कोशिश है कि अधिक से अधिक कंपनियों को निवेश के लिए पंजाब लाया जाए। भारतीय राजदूत ने किया स्वागत नीदरलैंड पहुंचने पर भारत के राजदूत कुमार तुहीन ने सीएम का स्वागत किया। माना जा रहा है कि यह एक सप्ताह का दौरा है। इस दौरान वे एम्स्टर्डम में प्रमुख उद्योगपतियों और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में मुख्य रूप से फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, अलॉयज एंड स्टील, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने और निवेश आकर्षित करने पर जोर रहेगा। नीदरलैंड भारत के लिए सबसे बड़े विदेशी निवेशकों में से एक है और पहले से ही कई डच कंपनियां पंजाब में काम कर रही हैं। अक्टूबर 2023 में राजपुरा स्थित विविधा इंडस्ट्रियल पार्क में डी ह्यूस फैक्टरी का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया था। वहीं, आलू की फसल के लिए इंडो-डच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी राज्य में सफलतापूर्वक काम कर रहा है।
अब तक तीन देशों का दौरा किया इससे पहले उन्होंने सितंबर 2022 में जर्मनी का दौरा किया था। इसके बाद दिसंबर 2025 में वे जापान और दक्षिण कोरिया के 10 दिवसीय सफल दौरे पर रहे, जहां उन्होंने यामाहा, होंडा और फुजित्सु जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ पंजाब में निवेश को लेकर संवाद किया। इन विदेशी दौरों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने घरेलू स्तर पर भी निवेश को बढ़ावा दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने फरवरी 2026 में मुंबई का दौरा किया और मार्च 2026 में आयोजित छठे ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट’ के माध्यम से वैश्विक उद्योगपतियों को आमंत्रित किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *