दही खाने से एक ही परिवार के 4 लोग बीमार:महोबा में माता-पिता और दो बच्चे अस्पताल में भर्ती




महोबा जिले के कुलपहाड़ क्षेत्र के लाड़पुर गांव में देशी दही खाने से एक ही परिवार के चार लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। रविवार दोपहर भोजन के बाद तबीयत बिगड़ने पर पति-पत्नी और उनके दो बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, लाड़पुर निवासी 36 वर्षीय जय सिंह ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ भोजन किया। इस भोजन में घर का बना देशी दही भी शामिल था। जय सिंह के साथ उनकी पत्नी हीरेश, 14 वर्षीय पुत्र प्रतीक और 7 वर्षीय बेटी निधि ने भी दही का सेवन किया। परिवार के चारों सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी दही खाने के लगभग आधे घंटे बाद परिवार के चारों सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें पेट में तेज दर्द, मरोड़ और लगातार उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर होते देख परिवार के मुखिया जय सिंह ने तुरंत सभी को महोबा जिला अस्पताल के इमरजेंसी अनुभाग में भर्ती कराया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर नवीन ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह फूड प्वाइजनिंग का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने आशंका जताई कि यह दही के खराब होने या उसमें बैक्टीरिया पनपने के कारण हुआ होगा। फिलहाल, सभी मरीजों को ड्रिप और आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं। समय पर उपचार मिलने से सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *