शेखपुरा के अकौना दोहरे हत्याकांड में 3 आरोपी अरेस्ट:दोनों पक्षों के अभियुक्त जेल भेजे गए, गांव में तनाव ;17 अप्रैल की घटना




शेखपुरा के सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव में 17 अप्रैल की रात हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के दौरान हुई थी, जिसमें दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में राजेंद्र यादव, अमृत यादव और राजेश यादव शामिल हैं। सिरारी थाना अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी और पुलिस सब इंस्पेक्टर निखिल भास्कर के संयुक्त नेतृत्व में रविवार शाम यह छापेमारी की गई। यह विवाद 17 अप्रैल की रात गेहूं की दौनी के दौरान थ्रेसर से निकले धूल कणों के घर में जाने को लेकर शुरू हुआ था। इसके अलावा, जमीन बंटवारे के बाद खेत में गाड़े गए खूंटे पर ट्रैक्टर चढ़ा देने का मामला भी विवाद का कारण बना। विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया, और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक पक्ष के 65 वर्षीय परमेश्वर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के 35 वर्षीय संतोष यादव उर्फ प्रेम की उसी रात पटना के एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में गोतिया और पड़ोसी हैं। मृतक परमेश्वर यादव के पुत्र संजीत यादव ने स्थानीय थाने में पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें से राजेंद्र यादव और अमृत यादव को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे मृतक संतोष यादव की विधवा गुड़िया देवी ने 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें से राजेश यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शेखपुरा जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए उनके संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। गांव में अभी भी तनाव व्याप्त है।उन्होंने कहा कि गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल अभी भी कैंप कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *