शादी समारोह में खाना खाने से फूड पॉइजनिंग:महोबा में 5 बच्चों समेत 9 लोग बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती




महोबा में शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद 9 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। इनमें दूल्हे के दादा, महिलाएं और 5 बच्चे शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला रतौली गांव का है। जानकारी के अनुसार, राममिलन प्रजापति की बेटी करिश्मा की शादी की रस्में चल रही थीं। 21 अप्रैल को टीका समारोह होना था। घर में रिश्तेदार और मेहमान जुटे हुए थे। शनिवार शाम को मेहमानों को आलू-टमाटर की सब्जी और चावल परोसा गया था। भोजन के कुछ ही देर बाद मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी। सबसे पहले बच्चों में उल्टी, दस्त और बुखार के लक्षण दिखे, जिसके बाद कुल 9 लोग इसकी चपेट में आ गए। बीमारों में लक्ष्मण (60) समेत मध्य प्रदेश के बजरंगपुर और धावरी गांव से आए रिश्तेदार शामिल हैं। प्रभावित लोगों में 5 बच्चे, 3 महिलाएं और एक पुरुष हैं। पहले उन्हें पसवारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर रविवार को सभी को जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टर शिशुपाल ने पुष्टि की कि यह फूड पॉइजनिंग का मामला है। उनके अनुसार दूषित भोजन के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *