मोगा पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार:पुरानी दाना मंडी में आढ़त की दुकान का ताला तोड़कर की थी वारदात




मोगा पुलिस के थाना सिटी साउथ ने चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला पुरानी दाना मंडी स्थित एक आढ़त की दुकान से कीमती सामान चोरी होने से संबंधित है। सहायक थानेदार हरजिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता अशोक कुमार, निवासी पुरानी दाना मंडी (वर्तमान में पक्का दुसांझ रोड), ने पुलिस को चोरी की सूचना दी थी। शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने उनकी आढ़त की दुकान के ताले तोड़कर बिजली की तारें, टुल्लू पंप और वजन करने वाला कांटा चुरा लिया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। छानबीन और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमती निवासी साधांवाली बस्ती और रूप सिंह निवासी बुक्कन वाला रोड को इस चोरी की वारदात में शामिल पाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस उनसे अन्य चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता के बारे में आगे की पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *