सीधी में भालू का हमला, एक ग्रामीण की मौत:गर्दन पर वार किया, पैर तोड़ा; बचाने गए दो साथी गंभीर; संजय टाइगर रिजर्व की घटना




सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत मड़वास रेंज में रविवार दोपहर भालू ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 58 वर्षीय चंद्रबली सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं। घटना भजिगांव बीट के ग्राम नवनगर की है, जहां ग्रामीण जंगल में लकड़ी लेने गए थे। झाड़ियों से निकलकर किया जानलेवा हमला ग्राम नवनगर निवासी चंद्रबली सिंह अपने साथी शंकर सिंह (50) और रामदास सिंह (35) के साथ जंगल गए थे। दोपहर करीब 1 बजे झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। भालू ने चंद्रबली की गर्दन पर घातक वार किया और उनका पैर तोड़ दिया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथी को बचाने की कोशिश में शंकर और रामदास भी लहूलुहान हो गए। घायलों का इलाज जारी, मौके पर पहुंचा अमला हमले के बाद भालू जंगल के भीतर भाग गया। घायल शंकर और रामदास को तत्काल पोंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही मड़वास थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल सहित वन विभाग और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को 8 लाख की सहायता वन विभाग ने मृतक के परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार रुपए दिए। इसके साथ ही शासन की ओर से 8 लाख रुपए की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने जंगल के पास रहने वाले ग्रामीणों से अकेले वन क्षेत्र में न जाने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *