राजस्थान में तेज गर्मी शुरू हो गई है। चूरू, चित्तौड़गढ़, कोटा में रविवार दिन का तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहा। 10 से ज्यादा शहरों में पारा 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। गर्मी से बचाव के लिए कोटा की सड़कों पर टैंकरों से पानी डाला गया। उधर, सोमवार को जयपुर सहित 6 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में भी अगले कुछ दिन लू चलने की चेतावनी है। रविवार को उत्तरी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में दोपहर तक बादल छाए रहे, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो बीकानेर संभाग के एरिया को छोड़कर शेष राज्य में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप रही। झुंझुनूं, भरतपुर, अलवर, धौलपुर के एरिया में रविवार दिन में हीटवेव का प्रभाव रहा। अब ये 2 तस्वीरें देखिए… मैप पर देखिए- सबसे गर्म शहर अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने अगले 3-4 दिन प्रदेश में तेज गर्मी रहने और हीटवेव का चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के प्रमुख शहरों में गर्मी का हाल जयपुर- दूसरे दिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर
राजधानी जयपुर में रविवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार दूसरा दिन है, जब पारा 40 डिग्री से ऊपर चला गया। दिन में तेज गर्मी के साथ ग्रामीण इलाकों में हल्की हीटेवव भी चली। जयपुर में दिन के अलावा रात में भी कल तेज गर्मी रही। यहां का न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञाग ने सोमवार को जयपुर के तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना जताई है। जोधपुर- पारा सामान्य से ज्यादा रहा
जोधपुर में रविवार को गर्मी का असर रहा। जोधपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा रहा। दिन में आसमान साफ बना रहा। तेज धूप के चलते दिन में लोगों की आवाजाही भी कम नजर आई। कोटा- गर्म हवा ने झुलसाया
कोटा में रविवार को भी पारे में तेजी रही, लेकिन शनिवार से कम रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को भी पूरे दिन गर्म हवा लोगों को झुलसाती रही। तेज धूप से लोग बेहाल नजर आए। अलवर- 4 दिन हीटवेव का अलर्ट
अलवर में रविवार को तेज धूप और हीटवेव के चलते गर्मी का असर साफ देखने को मिला। दिनभर चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुश्किलें बढाईं। यहां मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और बढ़ती तपिश के कारण लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। उदयपुर- धूप से बचने के लिए दुकानों पर पर्दे लगाए
उदयपुर में रविवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप रही। इससे लोग बेहाल नजर आए। रविवार का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह शनिवार की तुलना में 0.3 डिग्री कम रहा। उदयपुर की फतेहसागर झील किनारे मुम्बई बाजार में धूप से बचने के लिए सभी दुकानों पर पर्दे लगा दिए गए हैं। दोपहर बाद इन दुकानों पर सूरज की तेज धूप पड़ती है। इससे बचने के लिए दुकानदारों ने इंतजाम किया है। अजमेर- बाजारों में चहल-पहल कम हुई
अजमेर में रविवार को अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर बाजारों में लोगों की चहल-पहल कम देखी गई। हाईवे पर भी दिन के समय वाहनों की आवाजाही कम देखी गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में मौसम ड्राय रहने की उम्मीद है। आने वाले 2 से 3 दिनों में तापमान और बढ़ेगा। सीकर- 40 डिग्री के पार दिन का तापमान
सीकर में तेज गर्मी पड़ रही है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। दिन-रात के तापमान में 22 से 23 डिग्री का अंतर रह गया है। सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर रविवार दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले सुबह का न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार को अधिकतम 41.0 और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में पिछले 4-5 दिन से अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
Source link