मेरठ के सूर्य प्लाजा में भीषण आग:मोबाइल शोरूम राख, 10 लाख का नुकसान; गैस एजेंसी ऑफिस पास




मेरठ के हापुड़ अड्डा चौराहा स्थित सूर्य प्लाजा में शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और पास की दूसरी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग सबसे पहले ओम मोबाइल की दुकान में लगी। दुकान मालिक के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की नईम की मोबाइल दुकान तक पहुंच गई। दोनों दुकानों में रखे मोबाइल फोन, एक्सेसरीज़ और अन्य पार्ट्स पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटरों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस भीषण आग में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। हालांकि, दोनों दुकानों में कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। जिस कॉम्प्लेक्स में आग लगी, वहां मोबाइल दुकानों के साथ ही भारत गैस एजेंसी का कार्यालय भी स्थित है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था और पूरा कॉम्प्लेक्स आग की चपेट में आ सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *