जोधपुर पूर्व के डांगियावास थाना क्षेत्र में पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पिता-पुत्र द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पशुबाड़े में मिट्टी में गड़े एक प्लास्टिक डिब्बे से 14 ग्राम एमडी पाउडर और 90 ग्राम अफीम दूध बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया है कि यह अवैध मादक पदार्थों का पारिवारिक धंधा था, जिसमें पिता बाहर से माल लाता और घर पर बेटा बेचता था। पुलिस अब युवक के पिता की तलाश में जुटी है। पशुबाड़े की दीवार के पास मिट्टी में दबा था डिब्बा डीसीपी (ईस्ट) मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि डांगियावास थानाधिकारी दौलाराम अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान डीएसटी जोधपुर पूर्व के प्रभारी एसआई खेतसिंह ने सूचना दी कि धायलों की ढाणी रोड निवासी कानाराम जाट के घर में मादक पदार्थ हो सकते हैं। पुख्ता सूचना के आधार पर थानाधिकारी के साथ कॉन्स्टेबल नीरज, बिमला मकानी, संजय मीणा और रामलाल ने उस घर पर दबिश दी। घर पर कानाराम मौजूद नहीं था, लेकिन उसका बेटा विनोद (28) वहां मिल गया। पुलिस ने आरोपी उसके घर की सघन तलाशी ली। कमरों और छत पर कुछ नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने घर में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखने की बात स्वीकार कर ली। विनोद को साथ लेकर पशुबाड़े की बारीकी से जांच करने पर वहां पिछली दीवार के पास मिट्टी में दबा हुआ एक सफेद रंग का प्लास्टिक का डिब्बा मिला। उस डिब्बे के अंदर दो अलग-अलग थैलियां थी। एक थैली में 14 ग्राम सफेद दानेदार एमडी पाउडर और दूसरी थैली में 90 ग्राम काले रंग का अफीम का दूध पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही वजन कर मादक पदार्थों व आरोपी के मोबाइल को जब्त कर लिया। इस पर पुलिस ने विनोद को गिरफ्तार कर लिया। “पिताजी बाहर से लाते हैं, मैं घर पर बेचता हूं” पूछताछ में आरोपी विनोद ने पुलिस के सामने खुलासा किया कि उसका पिता कानाराम (45) बाहर से अवैध मादक पदार्थ लेकर आता है और वह (विनोद) घर से ग्राहकों को बेचता है। कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गांव में अधिकतर लोग एक ही जाति के होने और तस्करों के भय के कारण कोई भी व्यक्ति पुलिस का स्वतंत्र गवाह बनने को तैयार नहीं हुआ। मामले की आगे की जांच बनाड़ थानाधिकारी लेखराज सियाग को सौंपी गई है और फरार पिता की सरगर्मी से तलाश जारी है।
Source link