'टीवी देख रहा था, पापा ने मम्मी का गला घोंटा':गुरुग्राम में 6 साल के बेटे के सामने मर्डर-सुसाइड; चरित्र पर शक करता था पति




गुरुग्राम में पत्नी सोनम की हत्या करने के बाद फांसी लगाने वाले दीपक को लेकर नया खुलासा हुआ है। सोनम की बहन का कहना है कि सोनम ने अपने पति को छोड़कर दीपक से लव मैरिज की थी। करीब छह महीने पहले दीपक सोनम के चरित्र पर शक करने लगा था। इसी बात को लेकर मार्च में वह घर छोड़कर चला गया था। बहन ने आगे बताया कि 19 अप्रैल को दीपक शराब के नशे में घर आया और चुन्नी से सोनम का गला घोंट दिया। इसके बाद वह कमरे में गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दीपक और सोनम के छह साल के बेटे ने दैनिक भास्कर को बताया कि जब उसके पापा घर आए, तब वह टीवी देख रहा था और मम्मी रसोई में खाना बना रही थी। शोर सुनकर वह बाहर आया। उसके सामने ही पापा ने मम्मी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगा ली। दीपक-सोनम की लव स्टोरी कैसे मर्डर-सुसाइड तक पहुंची जानिए… कॉलेज टाइम में मुलाकात, दूसरी शादी की दीपक कुमार (30) अलवर के सूर्य नगर, खुदनपुरी का रहने वाला था। सोनम बाई (28) भी इसी गली में रहती थी। कॉलेज आते-जाते समय दोनों की जान-पहचान हुई, हालांकि उस समय उनके बीच प्रेम संबंध नहीं था। कुछ समय बाद सोनम की शादी हो गई, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी दीपक से दोस्ती हो गई। इसके बाद सोनम ने अपने पति को छोड़कर दीपक से शादी कर ली। सात साल पहले गुरुग्राम शिफ्ट हुए सोनम की बहन संगीता ने बताया कि सात साल पहले दीपक और सोनम गुरुग्राम आ गए थे। सोनम ने मारुति सुजुकी में नौकरी शुरू की, जबकि दीपक टैक्सी चलाने लगा। बाद में सोनम की नौकरी टाटा मोटर्स में लग गई, जिससे उसकी सैलरी भी बढ़ गई। उसने दो साल पहले दीपक को नई टैक्सी खरीदकर दी और कहा कि वह केवल इसकी किस्त और खर्च निकाल ले, जबकि घर का खर्च वह खुद संभाल लेगी। 6 महीने पहले चरित्र पर शक करने लगा संगीता के मुताबिक, नई टैक्सी लेने के बाद दीपक को शराब की लत लग गई। जब सोनम उसे शराब पीने से रोकती, तो घर में झगड़े होने लगते। दीपक सोनम के चरित्र पर भी शक करने लगा। करीब छह महीने पहले सोनम ने यह बात खुद संगीता को बताई थी। बहन और बहनोई ने दोनों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। इसी बीच फरवरी में दीपक के पिता की मौत हो गई। फिर दीपक अलवर चला गया। मार्च में घर छोड़कर चला गया दीपक संगीता ने बताया कि मार्च में दीपक गुरुग्राम आया। शक के चलते उसने सोनम के साथ मारपीट की और अपने छह साल के बेटे को लेकर घर छोड़ दिया। करीब 15 दिन पहले सोनम ने बेटे का एडमिशन कराने की बात की, लेकिन दीपक नहीं आया, जबकि उसकी मां बच्चे को छोड़कर चली गई। रविवार शाम को दीपक शराब के नशे में घर आया और फिर से मारपीट की। चुन्नी ने गला घोंटकर फांसी लगाई संगीता ने पुलिस को बताया कि रविवार रात जब वह घर पहुंची, तो सोनम का शव रसोई में पड़ा हुआ था। दीपक ने चुन्नी से उसका गला घोंट दिया था। वहीं, दूसरे कमरे में दीपक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पास में प्लास्टिक की दो बाल्टियां रखी हुई थीं। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिए। अब जानिए मासूम बेटे ने क्या देखा… टीवी देख रहा था, मम्मी खाना बना रही थी दीपक और सोनम के 6 साल बेटे ने दैनिक भास्कर को बताया कि रविवार देर शाम वह घर पर टीवी देख रहा था, जबकि उसकी मम्मी सोनम रसोई में खाना बना रही थी। तभी पीछे से उसके पापा दीपक ने अचानक चुन्नी से मम्मी का गला घोंट दिया। उस समय मम्मी के हाथ में रोटी थी, जो उसके हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गई। मम्मी की हत्या कर चुन्नी से ही फंदा लगाया बच्चे ने आगे बताया कि मम्मी ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसने वहीं दम तोड़ दिया। हत्या करने के तुरंत बाद पापा दूसरे कमरे में चले गए। वहां उन्होंने प्लास्टिक की बाल्टी उठाई और छत की कड़ी के कुंदे में चुन्नी का फंदा लगा लिया। वह बाल्टी पर चढ़े, फंदा गले में डाला और बाल्टी को लात मारकर हटाते हुए फांसी लगा ली। उसने नीचे जाकर पड़ोसियों को घटना की सूचना दी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *