सीएम योगी का मितौली दौरा स्थगित:बंगाल जनसभाओं, हरदोई में पीएम कार्यक्रम की व्यस्तता बनी वजह




मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लखीमपुर खीरी के मितौली कस्बे में प्रस्तावित दौरा फिलहाल अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम कस्ता विधानसभा क्षेत्र में होना था। प्रशासन ने इस संबंध में 21 अप्रैल को सूचना जारी की। इस कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई थीं। मितौली तहसील के पास स्थित मैदान में पंडाल भी लगभग पूरी तरह तैयार हो चुका था। जिला प्रशासन लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहा था। मुख्यमंत्री का आगमन 23 अप्रैल को संभावित था। इस दौरान उन्हें विधानसभा की योजनाओं का लोकार्पण करना था और मितौली तहसील में अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में भी शामिल होना था। यह जानकारी पूर्व सांसद जुगल किशोर ने दी थी।
कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए बताया कि कार्यक्रम पहले सुनिश्चित था, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण इसे टाल दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पश्चिम बंगाल में लगातार जनसभाएं और कार्यक्रमों की व्यस्तता के साथ-साथ हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल 2026 को हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के चलते प्रदेश स्तर पर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। फिलहाल, मितौली में मुख्यमंत्री के दौरे की नई तिथि घोषित नहीं की गई है। स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं को अगली सूचना का इंतजार है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *