झाबुआ के पेटलावद में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को बातों में फंसाकर सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू की नोक पर उसका सामान लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बातों में फंसाकर सुनसान गली में ले गए घटना नाहरपुरा निवासी यशवंत पिता विजय सिंह मेडा के साथ हुई। यशवंत पेशे से वाहन चालक हैं। जानकारी के अनुसार, वह गांधी चौक इलाके में खड़े थे, तभी दो बदमाशों ने उन्हें रोका और रतलाम जाने वाली बस के बारे में पूछने लगे। बातचीत के दौरान वे उन्हें पुराने बस स्टैंड स्थित अशोक रेस्टोरेंट की गली की ओर ले गए। चाकू की नोक पर छीने मोबाइल और कड़ा सुनसान जगह पर पहुंचते ही बदमाशों ने चाकू निकालकर यशवंत को धमकाया और उसके हाथ से करीब 250 ग्राम वजन का चांदी का कड़ा और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link