इंदौर में मांगलिया डिपो के सामने आग:दूर से देखी जा रही आग की लपटें, डिपो के आसपास के पूरे रास्ते को बंद किया गया




इंदौर के मांगलिया स्थित तेल डिपो के ठीक सामने मंगलवार दोपहर एक भीषण आगजनी की घटना घटित हुई। सात्विक विहार के सामने लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयानक है कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं और इसने आसपास स्थित दुकानों और घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। मांगलिया डिपो क्षेत्र में हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक रहता है, जिसके कारण प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम बेहद सतर्कता बरत रही है। आग लगने के बाद पिछले एक घंटे से दमकल विभाग की टीमें निरंतर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। सुरक्षा की दृष्टि से डिपो के आसपास के पूरे रास्ते को बंद कर दिया गया है। घटना के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह से रुक गया है। प्रशासन ने तेल से भरे उन टैंकरों को भी डिपो के बाहर ही रोक दिया है जो अंदर जाने या बाहर निकलने वाले थे। टैंकरों की कतार लगने और आग के फैलाव को देखते हुए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। आग की तीव्रता और डिपो की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को बाहर निकाल लिया है। सभी रहवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *