संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में कार ड्राइवर की जलकर मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार की भी जान चली गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक ड्राइवर की पहचान घटना के करीब 18 घंटे बाद हो सकी। हादसा सोमवार शाम करीब 5:30 बजे चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव आटा के पास हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई और वह आग का गोला बन गई। कार में सवार लोग संभल पाते, उससे पहले ही आग ने उन्हें चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की जलकर मौत हो चुकी थी। मंगलवार को मृतक चालक की पहचान अरुण शर्मा (20) पुत्र स्वर्गीय भवनेश शर्मा, निवासी गोलागंज, कस्बा बहजोई के रूप में हुई। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उल्लेखनीय है कि उसके पिता की भी करीब 18 वर्ष पहले एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। हादसे में बाइक सवार अवधेश कुमार (45) पुत्र ओमकार, निवासी गांव लहरशीश, थाना हयातनगर की भी मौत हो गई। वहीं कार में सवार ललतेश (20), हिमांशु (22) और रितिक शर्मा (28), निवासी जिला बदायूं, गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस के अनुसार, कार आस मोहम्मद पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी अल्हेपुर, थाना इस्लामनगर (बदायूं) के नाम पर पंजीकृत है। सीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चालक अरुण शर्मा की मौत जलने से होना पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link