संभल के बहजोई कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम को बहजोई-संभल मार्ग पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। गांव बेहटा जयसिंह के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान करीब 25 वर्षीय राजेश पुत्र शिवलाल निवासी गांव सिंहपुर, कोतवाली बहजोई के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। परिजनों के अनुसार, राजेश बहजोई से अपने गांव बाइक से लौट रहा था। जैसे ही वह गंगा एक्सप्रेसवे के निकट पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Source link