हीटवेव से बचाव के लिए गाइडलाइन जारी:भीषण गर्मी के कारण दोपहर में बाहर निकलने से बचें, आमजन से सतर्क रहने की अपील




जोधपुर जिले में तापमान में लगातार वृद्धि और आगामी दिनों में लू-हीटवेव की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन में एडवाइजरी जारी की है। इसमें आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही विशेष रूप से दोपहर के समय घर से बाहर ना निकलें और बाहर जाते समय पर्याप्त तरल पदार्थों का सेवन कर पानी साथ रखें। हीटवेव से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां जिला प्रशासन ने बताया कि नागरिक पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ओआरएस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करें। हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को ढकें। आंखों की सुरक्षा के लिए धूप के चश्मे और त्वचा की सुरक्षा के लिए सनस्क्रीन का उपयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0291-2511085 पर संपर्क किया जा सकता है। नियोक्ता व श्रमिकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल, छाया एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रमिकों को सीधी धूप से बचाने, श्रमसाध्य कार्यों को सुबह या शाम के समय कराने तथा विश्राम की अवधि बढ़ाने पर जोर दिया गया है। नए श्रमिकों को हल्के कार्य और कम समय के लिए लगाया जाए। ये सावधानियां भी बरते बंद वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। ठंडे पानी से स्नान करें, पंखों और गीले कपड़ों का उपयोग करें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। पेड़ लगाकर, जल स्रोतों का संरक्षण कर एवं वर्षा जल संचयन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। नए निर्माण कार्यों में रखें विशेष ध्यान नया घर बनाते समय कैविटी तकनीक, चौड़ी दीवारें, जालीदार संरचना एवं प्राकृतिक सामग्री (चूना/मिट्टी) का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जिससे घर का तापमान नियंत्रित रह सके। निर्माण से पूर्व विशेषज्ञ से सलाह लेना भी आवश्यक बताया गया है। पशुधन के लिए भी रखें विशेष ध्यान पशुओं को छाया में रखें और उन्हें स्वच्छ व ठंडा पानी उपलब्ध कराएं। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उनसे कार्य न लें। शेड को ठंडा रखने के लिए पुआल या चूने का उपयोग करें और समय-समय पर पानी का छिड़काव करें। पशुओं को संतुलित आहार एवं खनिज मिश्रण उपलब्ध कराएं। क्या न करें प्रशासन ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में बाहर न निकलें और भारी कार्यों से बचें। नंगे पैर बाहर न जाएं तथा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय से दूरी बनाए रखें। अधिक प्रोटीन युक्त भोजन और बासी भोजन से बचें। लू से प्रभावित व्यक्ति के लिए प्राथमिक उपचार यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं, सिर पर गीले कपड़े रखें और ओआरएस या नींबू पानी पिलाएं। गंभीर स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। एक सप्ताह में मौसम 40 डिग्री पार जोधपुर में गर्मी के तीखे तेवर जारी हैं। पिछले एक सप्ताह से मौसम 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। आज अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। वहीं, सोमवार अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विभाग में आने वाले समय में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *