मंदसौर की नाहरगढ़ पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त एमडी ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। थाना प्रभारी वरुण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डिगांव-कचनारा रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास, ग्राम शक्करखेड़ी में घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कूटर (क्रमांक MP 14 ZE 4253) को रोका। वाहन सवार से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अय्यूब पिता अफजल खान पठान (उम्र 23 वर्ष), निवासी दौलतपुरा, थाना वाय.डी.नगर, जिला मंदसौर बताया। बैग की तलाशी में मिला मादक पदार्थ
स्कूटर पर रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके पर ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मामले में दूसरे आरोपी सोहेल पिता अब्दुल मंसूरी (उम्र 21 वर्ष), निवासी बालागंज, जिला मंदसौर की संलिप्तता भी सामने आई, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मादक पदार्थ सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Source link