राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा जारी नवीनतम ब्लॉकवार जिला रैंकिंग में झालावाड़ जिले के भवानीमंडी ब्लॉक ने प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, ब्लॉक ने 55.05 अंक हासिल किए। इस रैंकिंग में झुंझुनूं जिले का बुहाना ब्लॉक 56.80 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद चूरू का सिधमुख 56.28 अंकों के साथ दूसरे, सीकर का धोद 55.80 अंकों के साथ तीसरे और चूरू का राजगढ़ 55.42 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। भवानीमंडी ब्लॉक की इस सफलता के पीछे शिक्षा विभाग की सतत निगरानी, विद्यालयों का नियमित अवलोकन और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास प्रमुख रहे हैं। ब्लॉक के 192 विद्यालयों में लगभग 22 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कल्याण मल मेघवाल ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया और आगे भी इसी अनुशासन व समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
Source link