फरीदकोट जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट की योजना बना रहे दो अलग-अलग गिरोहों के कुल 9 आरोपियों को अरेस्ट किया है। यह कार्रवाई थाना जैतो और थाना बाजाखाना पुलिस द्वारा की गई। आरोपियों के कब्जे से तेजधार हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देशों पर पहले मामले में डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू और एसएचओ जैतो इंस्पेक्टर नवप्रीत सिंह की निगरानी में एएसआई शमशेर सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बलकरण सिंह उर्फ निक्का, प्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह उर्फ काका, बग्गा सिंह उर्फ बिट्टू और हरजिंदर सिंह उर्फ गोरी सुनसान ईंट भट्ठे पर बैठकर लूट की योजना बना रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ कई मामले हैं दर्ज सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक कुल्हाड़ी, तीन लोहे की रॉड और एक लोहे की पाइप बरामद की गई। जांच में सामने आया कि इन आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी, चोरी समेत विभिन्न धाराओं में 9 मामले पहले से दर्ज हैं। दूसरे मामले में थाना बाजाखाना पुलिस ने एसएचओ चरणजीत सिंह की निगरानी में एएसआई बलतेज सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हरमन सिंह, सन्नी सिंह, गुरपिंदर सिंह उर्फ भिंदा और लवबीर सिंह को बरगाड़ी के श्मशानघाट के पास से गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी भी तेजधार हथियारों के साथ लूट की साजिश रच रहे थे। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पहले से एक-एक केस दर्ज है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी: डीएसपी इस मामले में डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि दोनों मामलों के आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इन आरोपियों ने और कहां-कहां वारदातों को अंजाम दिया है तथा क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है।
Source link