उन्नाव के हज़ारी टोला क्षेत्र में मंगलवार रात एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। औलिया शहीद बाबा की मजार के पास स्थित इस ट्रांसफार्मर में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया और लगभग 150 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब ग्यारह बजे ट्रांसफार्मर से पहले तेज़ चिंगारियां निकलीं और फिर आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय निवासियों ने तुरंत मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। यह ट्रांसफार्मर घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। भीषण गर्मी के बीच करीब 6 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बुधवार सुबह 5 बजे बहाल हो सकी। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर की नियमित जांच नहीं की जाती, जिसके कारण ऐसी घटनाएं होती हैं। निवासियों वसीम, जुबैर और आफताब ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर काफी पुराना था और इसकी खराबी को लेकर कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। एक्सईएन हिमांशु चौधरी ने बताया कि अधिक गर्मी के कारण समस्याएं आ रही हैं और इस संबंध में जेई से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए लगातार प्रयासरत है।
Source link