किशनगंज की रमजान नदी होगी अतिक्रमण मुक्त:ब्यूटीफिकेशन पर रिव्यु मीटिंग, सांसद ने दिए आवश्यक निर्देश




किशनगंज जिले के रमजान नदी के अतिक्रमण और सुंदरीकरण को लेकर एक समीक्षा बैठक किशनगंज सांसद मो. जावेद आजाद की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सांसद जावेद आजाद और जिला पदाधिकारी विशाल राज ने रमजान नदी के नक्शे का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने जिले में चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की। अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि नदी के अतिक्रमित क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है। सुंदरीकरण कार्य को आगे बढ़ाने का निर्देश भी दिया सांसद ने जिला पदाधिकारी से रमजान नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और अतिक्रमण वाले क्षेत्रों को मुक्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने वर्ष 1902 के अभिलेखों के आधार पर भूमि का चिन्हांकन कर नदी के सुंदरीकरण कार्य को आगे बढ़ाने का निर्देश भी दिया। सांसद ने यह भी निर्देश दिया कि जहां-जहां कार्य पूरा हो चुका है, उसका अवलोकन किया जाए और अतिक्रमण मुक्त भूमि का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में एफसीडी विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सफाई कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया इसके अतिरिक्त, सांसद ने प्रत्येक वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया और नगर परिषद द्वारा स्वच्छता कार्यों में हुए सुधार की सराहना की। जिला पदाधिकारी विशाल राज ने जानकारी दी कि रमजान नदी के लगभग 9.50 किलोमीटर क्षेत्र में कार्य प्रगति पर है। अतिक्रमण मुक्त क्षेत्रों में पहले चरण का कार्य चल रहा है, जबकि शेष अतिक्रमित भूमि पर विभागीय कार्रवाई के बाद उसे सरकारी भूमि घोषित कर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और किशनगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमरुल होदा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *