कोटा में तेज गर्मी का असर बरकरार है। लगातार तापमान 41 से 43 के बीच बना हुआ है। तेज गर्मी को देखते हुए चिकित्सा विभाग तो पहले ही अलर्ट जारी कर चुका है और अस्पतालों में हीटस्ट्रॉक डिपार्टमेंट शुरू किए जा चुके हैं। वहीं अब नगर निगम की तरफ से गर्मी को देखते हुए राहगीरो और वाहनचालकों को दोपहर के समय राहत देने के लिए आश्रय स्थल शुरू किए जाएंगे। निगम की ओर से शहर में एक साथ 16 आश्रय स्थल गर्मी के लिए शुरू किए जा रहे हैं। 26 अप्रैल से 5 स्थाई आश्रय स्थलों के साथ 11 अस्थाई आश्रय स्थल शुरू किए जाएंगे। इन आश्रय स्थलों पर कूलर और पानी के साथ ओआरएस की व्यवस्था भी की जाएगी। निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि गर्मी के तीखे तेवरों को देखते हुए 25 अप्रेल से मेडिकल कॉलेज, नयापुरा बस स्टैंड, भीमगंजमंडी सेक्टर कार्यालय, जेके लोन अस्पताल और एमबीएस अस्पताल स्थित स्थाई आश्रय स्थलों के अलावा सुधा अस्पताल के सामने फ्लाई ओवर के नीचे, अनन्तपुरा चुंगी नाका, डीसीएम फ्लाईओवर के नीचे, न्यू मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकर भवन, कोटा कॉमर्स कॉलेज, बोरखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे, रायपुरा चौराहा, डीसीएम चौराहा, रेलवे स्टेशन, कोटड़ी चौराहा तथा प्रताप सर्किल कुन्हाड़ी पर अस्थाई आश्रय स्थल प्रारंभ किए जाएंगे। आश्रय स्थल पर टेबल, कुर्सी, फर्श, कूलर, पीने के पानी और ओआरएस की सुविधा के साथ साफ-सफाई के लिए श्रमिक और सुरक्षा के लिए होमगार्ड भी लगाए जाएंगे। कूलर में पानी और पेयजल की हर समय उपलब्धता के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को भी नियमित रूप से आश्रय स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन आश्रय स्थल पर दोपहर के समय निकलने वाले राहगीर, वाहनचालक तेज गर्मी में आराम कर सकेंगे। जिससे कि गर्मी से राहत मिल सके।
Source link