फतेहपुर जिले में भीषण गर्मी ने जनजीवन प्रभावित किया है। बुधवार को जिले का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके कारण दिन के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवाओं (लू) के चलने से गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया है। तेज धूप और लू के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। पत्थरकटा चौराहा, सदर अस्पताल रोड, नउवाबाग से लेकर डॉकबंगला रोड सहित जिले की मुख्य सड़कों पर दोपहर होते-होते बहुत कम लोग दिखाई दिए। जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। शहर में गन्ने के जूस की दुकानों पर खासी भीड़ देखी जा रही है। गन्ना जूस विक्रेता एजाज ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही जूस की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी जूस पीने आते हैं। राहगीरों का कहना है कि अप्रैल महीने में ही इतनी तेज गर्मी ने उन्हें परेशान कर दिया है। अगर यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में हालात और भी कठिन हो सकते हैं। एक राहगीर अयान ने बताया कि सुबह पानी पीकर निकलने के बावजूद 10-11 बजे तक बहुत प्यास लगने लगती है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार गर्मी अधिक है और तापमान अभी से 42 डिग्री हो गया है, ऐसे में अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब स्कूल सुबह 7 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगे।
Source link