करनाल में रेलवे ट्रैक पर मिले शव की आज पहचान हो गई है। युवक पंजाब से जयपुर खाटूश्याम के दर्शन के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पहचान के प्रयास किए। पोस्टमार्टम के बाद अब शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना को लेकर यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि युवक खुद गिरा या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ। शव के पास मिली आईडी और टिकट से खुला राज
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को करनाल-कैथल रोड स्थित लोहे के पुल वाले अंडरपास के पास रेलवे लाइन पर एक शव मिला था। शव के पास से एक आईडी कार्ड, टूटा हुआ मोबाइल फोन और पठानकोट से जयपुर की ट्रेन टिकट बरामद हुई। मोबाइल खराब होने के कारण पुलिस ने उसमें से सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाया और उसमें मौजूद नंबरों पर संपर्क किया। मनोज सिंह के रूप में हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान 38 वर्षीय मनोज सिंह निवासी गांव कुठेर, जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन करनाल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। जीआरपी करनाल के एएसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि पहचान के बाद आगे की कार्रवाई पूरी की गई। खाटूश्याम दर्शन के लिए निकला था युवक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज सिंह अविवाहित था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह पंजाब से जयपुर स्थित खाटूश्याम मंदिर में माथा टेकने के लिए निकला था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह ट्रेन से नीचे गिर गया। मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी अन्य वजह से युवक की मौत हुई। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Source link