सहारनपुर के थाना नकुड़ क्षेत्र की निवासी इकरा नाज ने अपने पति शागिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने SSP से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि उनके पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली है और अब वह विदेश भागने की तैयारी में हैं। शागिल हरियाणा में अंबाला के गांव सपेड़ा, थाना महेशनगर के निवासी हैं। इकरा नाज के अनुसार, उनका निकाह 9 फरवरी 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के बाद से ही उनके और पति के बीच विवाद चल रहा है। यह मामला वर्तमान में मेडिएशन सेल में विचाराधीन है और महिला थाने में भी शिकायत दर्ज है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने और ससुर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, जिस पर घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत एक मामला न्यायालय में लंबित है। पीड़िता ने बताया कि पति का पहले से किसी अन्य महिला से संबंध था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी, जिसमें पति ने उस महिला से संपर्क खत्म करने का समझौता किया था। हालांकि, पति ने समझौते का पालन नहीं किया और 24 तारीख को चुपचाप दूसरी शादी कर ली। आरोप है कि उसने दूसरी शादी को ही पहली शादी बताकर गलत जानकारी भी दी। इकरा नाज ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उन्हें घर से निकाल दिया है। वह अब विदेश जाने की तैयारी कर रहा है ताकि चल रही कानूनी कार्रवाई से बच सके। उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि पति के पासपोर्ट और विदेश यात्रा की जानकारी की जांच कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर पासपोर्ट जब्त कर इमिग्रेशन विभाग को सूचित किया जाए। पीड़िता ने कहा कि वह पति की पहली पत्नी हैं और उन्हें अभी तक तलाक नहीं दिया गया है। उन्होंने अपने वैवाहिक अधिकार दिलाए जाने और पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में आवश्यक जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source link